अल्टीमेटम के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, मैथन टोल प्लाजा पर विधायक ने समर्थकों संग की नाकेबंदी निरसा में धड़ल्ले से चल रहे कोयले का अवैध कारोबार के खिलाफ विधायक अरूप चटर्जी का अल्टीमेटम पुलिस प्रशासन पर बेअसर नजर आया। दो दिन की चेतावनी के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को विधायक खुद मैदान में उतर गए और थानेदार की भूमिका निभाते हुए अवैध कोयला लदे दो ट्रकों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान ट्रक चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। चालक ने बताया कि कोयला उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा था। जांच में एक ट्रक का रजिस्ट्रेशन पश्चिम बंगाल तथा दूसरे का धनबाद का पाया गया। विधायक ने दोनों ट्रकों को स्थानीय प्रशासन को बुलाकर आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया। विधायक ने आरोप लगाया कि सतीश अग्रवाल और

प्रेम सिंह नामक दो व्यक्ति “सुमित फ्यूल्स” के नाम से भट्ठा संचालित कर रहे हैं, जहां से प्रतिदिन 15 से 20 अवैध कोयला लोडेड ट्रक बाहर भेजे जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि यह गिरोह धनबाद क्षेत्र में बड़े स्तर पर अवैध कोयला कारोबार चला रहा है और पुलिस संरक्षण के कारण धंधा खुलेआम जारी है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि जब तक जिला और पुलिस प्रशासन अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई नहीं करेगा, तब तक उनका अभियान जारी रहेगा।

