पश्चिम बंगाल के हावड़ा में चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी उस वक्त भड़क गए, जब उनके रोड शो में टीएमसी समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सुभेंदु अधिकारी गुस्से में नजर आ रहे हैं। दरअसल, सुभेंदु अधिकारी बाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार संजय सिंह के समर्थन में रोड शो कर रहे थे। इसी दौरान कुछ टीएमसी कार्यकर्ता रैली में घुस आए और ‘जय बांग्ला’ समेत अन्य नारे लगाने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर भड़काऊ नारे लगाए और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने बाली थाना प्रभारी को तुरंत हटाने की मांग भी की है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित होंगे।

