झारखंड के धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम अपराधियों ने कोयला कारोबारी मनीष सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। काको स्थित आठ लेन मार्ग पर हुई इस घटना में मनीष सिंह को गोली लगी, जबकि उनके साथ मौजूद चंदन पासी को रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, मनीष सिंह अपने साथी के साथ एक होटल में पैसों के लेन-देन के सिलसिले में पहुंचे थे। होटल से

बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सात से अधिक राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है। घायल होने के बावजूद मनीष सिंह ने साहस दिखाते हुए खुद ही गाड़ी चलाकर घटनास्थल से निकलकर मदद ली। उन्हें पहले धनबाद के असर्फी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कार बरामद कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश या कारोबारी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।

