के.के.एम. कॉलेज के बी.एड. विभाग द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विभाग के समन्वयक डॉ. सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य डॉ. युगल झा थे। बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. महबूब आलम सहित विभाग के अनेक गणमान्य शिक्षक एवं सदस्य मौके पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंबेडकर के विचारों, उनके सामाजिक योगदान तथा उनके संघर्षों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के अधिकार के लिए आजीवन संघर्ष किया। वक्ताओं ने डॉ.अंबेडकर एवं महात्मा ज्योतिबा फुले के साथ वैचारिक संबंधों को रेखांकित किया।

उन्होंने बताया कि फुले, अंबेडकर के गुरु और प्रेरणास्रोत थे, जिन्होंने जाति-व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष की नींव रखी। वक्ताओं ने यह भी उल्लेख किया कि सावित्रीबाई फुले और फातिमा शेख जैसी महिलाओं ने शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे डॉ. अंबेडकर ने संवैधानिक रूप दिया। कार्यक्रम में डॉ. मनोहर कुमार, हिमांशु शेखर महाकुर, चंद्र ज्ञान तिर्की, डॉ. फ्रेडरिक केरकेट्टा, कुलदीप पासवान, संगीता तिर्की, डॉ.आशीष कुमार भारती, डॉ.हरीश कुमार पांडेय, आई. सरकार एवं सत्यथ गौतम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को अपनाने और समाज में समता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

