समाहरणालय स्थित सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक सांसद विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित योजनाओं की प्रगति, बुनियादी सेवाओं की उपलब्धता एवं जनसमस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। बिजली विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि जियापानी ग्रिड के सभी 17 टावरों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को ओर बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया गया। शिक्षा विभाग के अंतर्गत बताया गया कि सभी विद्यालयों में 541 पंखे लगाए जा चुके हैं तथा छात्र-छात्राओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। सांसद ने सभी थानों में महिला एवं पुरुष के

लिए शौचालय निर्माण करने का निर्देश दिया। कृषि विभाग द्वारा 375 हेक्टेयर फसल क्षति का प्रतिवेदन विभाग को भेजे जाने की जानकारी दी गई। साथ ही केसीसी के तहत पूर्व में अस्वीकृत आवेदनों को सुधार कर पुनः स्वीकृत किया जा रहा है। सांसद ने कोल कंपनियों को अमड़ापाड़ा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान हेतु बोरिंग कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को कोल कंपनियों एवं प्रखंड प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थानों पर बोरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि डीएफओ कार्यालय स्थित शहरकोल पंचायत के दुर्गापूर मौजा में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें अब तक लगभग 25 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। पाकुड़िया एवं महेशपुर के लिए भी प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। उपायुक्त ने कहा कि सांसद द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिले में संचालित सभी योजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जवाबदेही के साथ पूर्ण करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

