हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड के मयातु गांव की नीतू कुमारी आज ऑर्गेनिक खेती के जरिए आत्मनिर्भरता की मिसाल बन गई हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर कम लागत में भी अच्छी आय हासिल की जा सकती है। नीतू कुमारी ने झारखंड सरकार के उद्यान विभाग से जुड़कर नेचुरल फार्मिंग योजना के तहत 168 वर्ग मीटर क्षेत्र में

ऑर्गेनिक खीरे की खेती शुरू की। उनकी मेहनत का नतीजा है कि आज वे रोजाना 150 से 200 किलो खीरे का उत्पादन कर रही हैं। गर्मी में बढ़ती मांग के कारण उन्हें प्रतिदिन करीब 4 हजार रुपये तक की आमदनी हो रही है। उद्यान विभाग से मिले प्रशिक्षण और सहयोग ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। नीतू की सफलता आज क्षेत्र के अन्य किसानों, खासकर महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।

