नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। सोमवार को हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे श्रमिकों ने कई औद्योगिक क्षेत्रों में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। स्थिति इतनी बिगड़ी कि करीब 9 घंटे तक नोएडा पूरी तरह ठप रहा। एनएच-9 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे समेत कई प्रमुख मार्गों पर जाम लग गया।

उपद्रव के दौरान 500 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों को नुकसान पहुंचा, 20 से अधिक वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और 10 पुलिसकर्मियों समेत 30 लोग घायल हो गए। पुलिस ने 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है और 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं। प्रशासन ने हालात काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और श्रमिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

