पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है। नरेंद्र मोदी के बाद अब योगी आदित्यनाथ ने भी चुनावी रैलियों की कमान संभाल ली है। बताया जा रहा है कि योगी बंगाल में करीब 20 रैलियों को संबोधित करेंगे, जिसकी शुरुआत मेदिनीपुर से हो चुकी है। रैली के दौरान एक खास नजारा देखने को मिला, जब सुवेंदु अधिकारी ने सीएम योगी का स्वागत करते हुए

उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने पहले जूते उतारे, फिर भगवा पटका पहनाकर योगी का सम्मान किया और साष्टांग दंडवत कर उनके पैर छुए। इस पर योगी ने उन्हें उठाकर जनता की ओर इशारा किया। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में तुष्टिकरण और माफियाराज चल रहा है तथा कई जिलों में जनसांख्यिकी बदलने की कोशिश हो रही है।

