जयराम महतो एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। गिरिडीह के डुमरी में पुष्पा कुमारी को न्याय दिलाने के लिए निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एक महिला से तीखी बहस की और वीडियो बना रहे युवक का मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत 10 हजार रुपये के आरोप से हुई। पीड़िता की मां ने जेएलकेएम की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पर पैसे लेने का

आरोप लगाया था। इसी मुद्दे पर जब कैंडल मार्च के दौरान सवाल उठाया गया तो माहौल गर्म हो गया। बहस के बीच विधायक की नजर वीडियो बना रहे युवक पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। घटना के बाद वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और कुछ ने नाराजगी भी जताई। हंगामा बढ़ता देख विधायक मौके से निकल गए, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे उनके व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं।

