हिरणपुर कोटालपोखर मुख्य सड़क के शहरपुर के समीप रविवार को एक हाइवा के चपेट में आने से गांव के ही एक युवक 40 वर्षीय सिदो किस्कु की मौत हो गई जबकि उनकी आठ वर्षीय सावित्री किस्कु गम्भीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना के एसआई सूर्यकुमार राम, एएसआई ज्योतिष चौधरी व साधन कर्मकार घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया एवं पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेजा। घायल बच्ची को इलाज के लिए सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपने पुत्री सावित्री व छह वर्षीय पुत्र को बाइक में चढ़ाकर चौड़ामोड़ स्थित विद्यालय में ले जा रहा था। इसी बीच सुबह करीब सात बजे लोकनाथ भगत के क्रशर से पत्थर लोड कर निकले हाइवा संख्या जेएच 04 एबी 8437 ने साइड से कुचल दिया जिससे बाइक हाइवा के पहिये में

फंस गया एवं सिदो किस्कू की तत्काल मौत हो गई जबकि पुत्री को गम्भीर चोट आई। इस दुर्घटना के बाद पुत्र दूर जा गिरा , जिससे इन्हें सामान्य चोट आई। पत्थर लदा हाइवा कोटालपोखर की ओर जा रहा था। मृतक के पुत्र चन्दर किस्कु ने बताया कि सुबह पिताजी, बहन व भाई को स्कूल छोड़ने के लिए बाइक से निकला था कि दुर्घटना घट गई। उधर इस घटना को लेकर स्वजनों की रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है। इस सम्बंध में थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेजा गया है एवं अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब हो कि भारी वाहनों की तेज गति के कारण आये दिन इलाके में सड़क दुर्घटना हो रही है।

