हजारीबाग में प्राइवेट स्कूलों द्वारा री-एडमिशन के नाम पर फीस वसूली के खिलाफ अभिभावकों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। पोस्ट ऑफिस चौक पर समाजसेवी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हर साल बच्चों को अगली कक्षा में भेजने के लिए जबरन मोटी रकम वसूली जाती है।

फीस नहीं देने पर नाम काटने और रिजल्ट रोकने की धमकी दी जाती है, जिससे अभिभावक मजबूर हो जाते हैं। अभिषेक कुमार ने कहा कि यह पूरी व्यवस्था अभिभावकों के शोषण का जरिया बन चुकी है और प्रशासन की चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने फीस संरचना की जांच और दोषी स्कूलों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा।

