ट्रासपोटिंग कोयला वाहन की चपेट में आने से मृतक के परिजनों से मिले अंचलाधिकारी, हर संभव सहायता करने का दिया आश्वासन केरेडारी/बड़कागांव :— केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के चट्टीबरियातू निवासी सुनील कुमार सोनी की विगत बुधवार को जोरदाग के नजदीक ट्रासपोटिंग कोयला वाहन की चपेट में आने से हुई मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि इससे 17 दिन पूर्व ही बड़कागांव – हजारीबाग मुख्य मार्ग के फतहा के पास मृतक के पत्नी झुनकी देवी का भी निधन हो चुका था। माता-पिता के लगातार निधन से बच्चों की स्थिति अत्यंत मार्मिक हो गई है।जिसे उपायुक्त हजारीबाग शशि

प्रकाश सिंह के निर्देश पर शनिवार को अंचलाधिकारी केरेडारी राम रतन कुमार वर्णवाल ने मृतक के परिजनों एवं बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।अंचलाधिकारी ने तत्काल राहत के रूप में दो पैकेट चावल एवं 10 किलो आटा प्रदान किया। साथ ही एनटीपीसी से विस्थापन लाभ सहित अन्य सरकारी सुविधाएं शीघ्र दिलाने का आश्वासन भी दिया।इस अवसर पर एनटीपीसी के अधिकारी संतोष कुमार, मुखिया झरीलाल महतो, बिनोद कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

