पूजन-हवन व सुंदरकांड पाठ के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हजारीबाग। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग, हजारीबाग में गुरुवार को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाज एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच किया गया। विद्यालय परिसर में सुंदरकांड पाठ, पूजन एवं हवन का आयोजन कर नवसत्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा यजमान के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूजा-अर्चना एवं हवन का संचालन मनोज कुमार पांडे ने पुजारी के रूप में किया। मंत्रोच्चार एवं हवन से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने कहा कि विद्या भारती की परंपरा एवं योजना के अनुसार प्रत्येक नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ पूजन, हवन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ किया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन में संस्कार, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने नए सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय के सभी आचार्य बंधुओं, भगिनी, भैया-बहनों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कार के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करें। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी आचार्य-बंधु, भगिनी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नए सत्र के शुभारंभ को लेकर विद्यालय परिवार में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण बना रहा।

