धनबाद में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के खिलाफ जनता मजदूर संघ ने भ्रष्टाचार और मृत श्रमिकों के आश्रितों के नियोजन में धांधली के विरोध में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने किया। उन्होंने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नियमों के बावजूद आश्रितों की फाइलों को वर्षों तक दबाकर रखा जा

रहा है और ‘घूस वसूली पद्धति’ संस्थागत रूप से लागू है। अभिषेक सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि बीसीसीएल प्रबंधन और आउटसोर्सिंग संवेदकों की मिलीभगत के चलते नियमाविरुद्ध करोड़ों रुपये का भुगतान किया जा रहा है। संघ ने मांग की कि लंबित 1200 फाइलों का 86 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और घूसखोरी में लिप्त अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो। धरना में शामिल पदाधिकारी चेतावनी देते हुए बोले कि यदि समय रहते मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे कोयलांचल में चक्का जाम और अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।

