गुजरात के सूरत के लिंबायत इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गैस सिलेंडर लीक से लगी आग में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मीठी खाड़ी क्षेत्र की एक दो मंजिला इमारत में सुबह करीब 11 बजे रसोई बनाते समय अचानक गैस रिसाव हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया।

घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और सभी जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि घर में साड़ियों की स्टिचिंग का काम होता था और केमिकल व ऑयल की वजह से आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और सभी को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

