हजारीबाग: जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत दीपूगढ़ा में 27 मार्च की रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया था। जानकारी के अनुसार कोऑपरेटिव कॉलोनी, दीपूगढ़ा गोलंबर के समीप निवासी मुकेश सिंह पर राजू थोथा उर्फ प्रणय कुमार ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू मुकेश सिंह के पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में कोर्रा थाना में कांड संख्या 53/2026 दिनांक 28 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 118(2), 351(3) एवं 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने

अनुसंधान शुरू किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 मार्च 2026 को फरार आरोपी राजू थोथा उर्फ प्रणय कुमार (पिता—कृष्णदेव प्रसाद सिंह, निवासी—हाउसिंग कॉलोनी, दीपूगढ़ा, थाना कोर्रा, जिला हजारीबाग) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से खून लगा हुआ एक भुजाली भी बरामद किया है, जिसे घटना में प्रयुक्त हथियार बताया जा रहा है। छापेमारी दल में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद (भा.पु.से.), कोर्रा थाना प्रभारी अजीत कुमार, तकनीकी शाखा हजारीबाग के पुलिसकर्मी एवं कोर्रा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

