हजारीबाग: शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शामिल अन्नदा चौक पर लंबे समय से लग रहे जाम से आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही थी। इस गंभीर समस्या को देखते हुए भाजपा नेता भैया अभिमन्यु प्रसाद खुद सड़क पर उतर आए और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराने की पहल की। उनके हस्तक्षेप के बाद कुछ ही समय में जाम हटाया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। अन्नदा चौक से होकर प्रतिदिन हजारों लोग बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए गुजरते हैं। ऐसे में यहां लगने वाला जाम मरीजों और आम नागरिकों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जिससे स्थिति और

गंभीर हो जाती है। भैया अभिमन्यु प्रसाद ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि अन्नदा चौक हजारीबाग का एक प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र है, जहां यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग अपने वाहनों को सड़क पर जैसे-तैसे खड़ा कर देते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की, साथ ही आम जनता से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचें। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए स्थायी समाधान की मांग की है।

