झारखंड के धनबाद में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के बरोरा एरिया-1 के तहत प्रस्तावित मधुबन कोल प्रोजेक्ट को लेकर आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों का जोरदार विरोध देखने को मिला। पर्यावरण स्वीकृति के लिए आयोजित इस जनसुनवाई में सात गांव के लोग शामिल हुए, जिन्होंने कार्यक्रम स्थल के बाहर प्रदर्शन कर बीसीसीएल के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ औपचारिकता है और उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से एसी विनोद कुमार, बाघमारा अंचल अधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे, वहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए थे। एसी विनोद कुमार ने जनसुनवाई को सफल बताते हुए कहा कि किसी भी प्रोजेक्ट में पक्ष-विपक्ष होना स्वाभाविक है और लोगों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिला। अब इस जनसुनवाई की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

