झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और पाकुड़ में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि गिरिडीह समेत 19 जिलों में येलो अलर्ट है।

पूर्वोत्तर इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी आशंका है। रांची मौसम केंद्र के अनुसार 2 और 3 अप्रैल को भी दक्षिणी और मध्य झारखंड में हल्की बारिश और तेज हवाएं जारी रह सकती हैं। तापमान में पहले 2 डिग्री तक बढ़ोतरी, फिर 2-3 डिग्री की गिरावट संभव है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में सतर्क रहें और बेवजह बाहर न निकलें।

