झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने बारिश, गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, 31 मार्च को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वहीं, 1 से 4 अप्रैल के बीच भी कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और बादल छाए रहने के आसार हैं। खासकर 2 अप्रैल को कई क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, जो स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वज्रपात के दौरान खुले स्थान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
