हजारीबाग में रामनवमी के दिन हिंसक घटनाओं ने माहौल को दुखद बना दिया। अलग-अलग जगहों पर चाकूबाजी की घटनाएं सामने आईं, जिसमें कटकमसांडी प्रखंड के गदोखर गांव में एक व्यक्ति की हत्या हो गई। मृतक की पहचान राम कुमार साव उर्फ रामा साव (करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जिन्हें जुलूस के दौरान भुजाली से हमला कर मार दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना मामूली विवाद के बाद हुई। इससे पहले शहर के दीपूगढ़ा इलाके में भी चाकूबाजी की घटना सामने आई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

वहीं क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने भी नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की है।

