हजारीबाग में रामनवमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने उपायुक्त से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को उठाया और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महासमिति के पूर्व अध्यक्ष और सदस्य भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, पेयजल व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग

रखी। महासमिति ने बताया कि रामनवमी के दौरान लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। भीड़ नियंत्रण को लेकर इंद्रपुरी चौक, बंसीलाल चौक, जादो बाबू चौक, ग्वाल टोली चौक और झंडा चौक पर बैरीकेटिंग की भी मांग की गई। महासमिति अध्यक्ष ने पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य बनाने के लिए प्रशासन से समन्वय पर जोर दिया। उपायुक्त ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

