झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने मंगलवार को हजारीबाग जिले का दौरा किया। इस दौरान परिसदन भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर जिले में संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति श्री सत्येंद्र नाथ तिवारी ने की, जबकि समिति के सदस्य श्री मंगल कालिंदी और श्री रोशन लाल चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में विधायक फंड, एनटीपीसी से जुड़े मुआवजा भुगतान, डीएमएफटी और सीएसआर मद से संचालित योजनाओं तथा ग्रामीण-शहरी जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समिति ने एनटीपीसी अधिकारियों को

मुआवजा भुगतान की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध बालू खनन पर रोक लगाने और पैक्स के माध्यम से धान अधिप्राप्ति भुगतान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। सभापति ने कहा कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

