प्रधानमंत्री Narendra Modi ने पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष को देखते हुए स्थिति की समीक्षा के लिए कैबिनेट की सुरक्षा समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में देश की ऊर्जा, खाद्य और आर्थिक सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और जरूरी वस्तुओं की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अल्पकालिक, मध्यम और दीर्घकालिक उपायों पर मंथन किया गया। बैठक में कैबिनेट सचिव ने वैश्विक हालात पर विस्तृत प्रस्तुति दी और विभिन्न मंत्रालयों द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी साझा की। साथ ही कृषि, उर्वरक, पेट्रोलियम, बिजली, एमएसएमई, शिपिंग और आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों पर

संभावित प्रभावों का आकलन किया गया। किसानों के लिए उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु वैकल्पिक स्रोतों पर भी विचार हुआ। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिए कि सरकार के सभी अंग मिलकर काम करें ताकि नागरिकों को कम से कम असुविधा हो और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनी रहे। साथ ही जमाखोरी और कालाबाज़ारी पर सख्ती से नियंत्रण रखने के लिए राज्यों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

