झारखंड की राजधानी रांची में एयरपोर्ट स्थित रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के गुर्गों को धनबाद से रांची लाया गया है। जानकारी के मुताबिक, 16 मार्च को धनबाद के भागाबांध इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें तीन आरोपी घायल हो गए थे। इनमें अमन सिंह उर्फ मनीष, अफजल अमन उर्फ बाबर और विक्की डोम शामिल हैं। घायलों को इलाज

के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रांची एयरपोर्ट थाना की पुलिस दो आरोपियों को अपने साथ ले गई, जबकि तीसरे आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, इन पर रेस्टोरेंट में फायरिंग और एक व्यक्ति की हत्या का आरोप है। मामले की जांच जारी है।

