जिला अंतर्गत जल महोत्सव पखवाड़ा के अवसर पर महेशपुर प्रखंड के गायबथान पंचायत स्थित बरमसिया ग्राम में जल अर्पण दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, जिला परिषद सदस्य, मुखिया, सहायक अभियंता एवं जिला समन्वयक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बरमसिया ग्राम को हर घर जल के रूप में सत्यापित एवं घोषित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक अभियंता द्वारा जल रक्षा सूत्र बांधा गया तथा जल सहियाओं को जल जांच किट के माध्यम से नियमित जल गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए गए। समारोह के अंतर्गत स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों द्वारा जल यात्रा एवं जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से जल संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया। कार्यपालक अभियंता ने कहा कि

बरमसिया ग्राम के प्रत्येक घर तक नल जल योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है तथा ग्राम में कुल 12 जल टंकियों का निर्माण किया गया है, जिससे जल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि जल अर्पण दिवस जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने का एक अवसर है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। इस दौरान चित्रांकन एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं रैली में शामिल बच्चों को मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम स्तर पर चापाकल, जल मीनार एवं बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के रख रखाव एवं मरम्मत कार्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

