प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 54,926 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस दौरान ‘भारत औद्योगिक विकास योजना’ (BHAVYA) को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिसके तहत 33,660 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस योजना के तहत देशभर में 100 ‘प्लग-एंड-प्ले’ औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे।

ये ऐसे पार्क होंगे, जहां कंपनियां बिना लंबी प्रक्रिया के तुरंत उत्पादन शुरू कर सकेंगी। सरकार का लक्ष्य इस योजना के जरिए विश्व-स्तरीय औद्योगिक ढांचा तैयार करना, मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना और आर्थिक विकास को गति देना है। साथ ही, इससे करीब 15 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इस योजना के तहत 100 से 1000 एकड़ तक के औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे, जिनके लिए प्रति एकड़ अधिकतम 1 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह पहल निवेश आकर्षित करने और देश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने में अहम मानी जा रही है।

