ईद,रामनवमी और सरहुल पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को देर शाम को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान मालपहाड़ी, मुफ्फसिल और नगर थाना क्षेत्र में संयुक्त रूप से पुलिस बल ने मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च नगर थाना से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक चौराहों, संवेदनशील इलाकों और बाजारों से गुजरा। फ़्लैग मार्च में एसडीपीओ दयानंद आजाद के साथ प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल और जिला बल के जवान शामिल रहे।

मार्च का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास जगाना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील भी की। एसडीपीओ दयानंद आजाद ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और लोगों को निर्भय होकर पर्व मनाना चाहिए।

