राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नेशनल इंटीग्रेशन कैंप में भाग लेकर पाकुड़ के छात्र शानदार प्रदर्शन के साथ लौट आए हैं। यह शिविर 10 मार्च से 16 मार्च 2026 तक द नेओटिया यूनिवर्सिटी, सारिशा(डायमंड हार्बर) पश्चिम बंगाल में आयोजित किया गया था। शिविर में केकेएम कॉलेज के बी.एड.विभाग से सुदीप रविदास, देव कुमार दास और रिम्पा शाहा ने भाग लिया। पाकुड़ बी.एड. कॉलेज की छात्रा स्वस्तिका रानी भी इसमें शामिल हुईं।

शिविर के दौरान आयोजित रील्स मेकिंग प्रतियोगिता में झारखंड टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया। स्वस्तिका रानी ने निबंध लेखन प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर व्यक्तिगत स्तर पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। छात्रों ने बताया कि इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के साथ सांस्कृतिक आदान प्रदान, टीमवर्क और नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर मिला, जो उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा। कॉलेज प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। छात्रों की सफलता से पूरे जिले में गर्व और खुशी का माहौल है।

