रविवार को जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के महिला गांव में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय विष्णु कांत मिश्रा के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि विष्णु कांत मिश्रा को तीन गोलियां मारी गईं – एक गाल में, एक सीने में और एक पीठ में। यह घटना उस समय हुई जब मृतक अपनी पत्नी को उसके मायके भेजने के लिए ऑटो में बैठा रहे थे।

उनकी पत्नी के पिता का हाल ही में निधन हुआ था। मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि कुढ़नी थाना क्षेत्र के महिला गांव में अमित कुमार दुबे ने विष्णु कांत मिश्रा की गोली मारकर हत्या की है। उन्होंने पुष्टि की कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। विष्णु कांत मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी, और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया है।

