ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की हालत को लेकर दुनिया भर में अटकलें तेज हो गई हैं। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप का कहना है कि मोजतबा खामेनेई जिंदा हो सकते हैं, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि मोजतबा खामेनेई जीवित हैं, तो उन्होंने कहा कि संभव है कि वह अभी जिंदा हों। ट्रंप ने

यह भी कहा कि उन्हें काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी न किसी रूप में उनके जिंदा होने की संभावना है। दरअसल, गुरुवार को सुप्रीम लीडर बनने के बाद मोजतबा खामेनेई ने अपना पहला संबोधन दिया था। इसके कुछ ही घंटों बाद सामने आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि हालिया हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनका एक पैर कट गया है, लीवर को भी नुकसान पहुंचा है और उनकी हालत कोमा जैसी बताई जा रही है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खामेनेई की सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
