झारखंड स्टेट बार काउंसिल के सदस्यों के चुनाव के लिए पाकुड़ जिला बार एसोसिएशन भवन में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। पूरे राज्य के साथ पाकुड़ में भी अधिवक्ताओं ने नई परिषद के गठन के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 209 अधिवक्ता मतदाताओं में से 170 अधिवक्ताओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया। केंद्र पर लगभग 81% मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। पूरी प्रक्रिया पीठासीन पदाधिकारी सह पाकुड़ बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नृपेंद्र उपाध्याय और रांची से आए पर्यवेक्षक अधिवक्ता लव तिवारी की

देखरेख में संपन्न हुई।कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में जिला पुलिस प्रशासन के जवान मुस्तैद रहे। मतदान के दौरान पाकुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद मोहिउद्दीन और सचिव दीपक ओझा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिवक्ताओं से शांतिपूर्वक वोट डालने की अपील की। बार काउंसिल के इस चुनाव में पूरे राज्य से 100 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 25 सदस्यों का चयन किया जाना है।

