हजारीबाग में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में आंतरिक वित्तीय संसाधनों और राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खान, वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, कृषि, माप एवं तौल, बाजार समिति और निबंधन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के वार्षिक लक्ष्य और अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कई विभागों की लक्ष्य से कम उपलब्धि पर नाराजगी जताई और सभी जिलों को राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग एक्शन प्लान बनाकर इस माह के अंत तक राजस्व संग्रहण में सुधार सुनिश्चित करें। आयुक्त ने अवैध बालू उठाव पर सख्ती बरतने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारियों को ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों की जांच और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण करने को भी कहा।

