पाकुड़ जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रोजेक्ट बचपन के अंतर्गत आंगन से आंगनबाड़ी अभियान के तहत बाल भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाना है, ताकि नन्हे बच्चों के समग्र विकास के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त एवं पंचायत राज मंत्रालय, भारत सरकार के सेक्शन ऑफिसर एवं सलाहकार द्वारा प्रखंड अंतर्गत झिकरहटी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी सह नर्सरी स्कूल केंद्र, सीतारामपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपायुक्त एवं केंद्रीय टीम ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें कविताएं सुनाईं तथा नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उपायुक्त व केन्द्रीय टीम ने बच्चों के साथ जन्मोत्सव मनाते हुए केक काटा, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। उपायुक्त ने केंद्रीय टीम को जानकारी देते हुए कहा कि जिले में प्रत्येक माह बाल भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव रखने के साथ साथ सामाजिक सहभागिता का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति, पोषण स्तर एवं अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *