सदर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर का निरीक्षण उपायुक्त मनीष कुमार तथा पंचायत राज मंत्रालय, भारत सरकार के सेक्शन ऑफिसर एवं सलाहकार एसओईपीआर द्वारा किया गया। इस दौरान झिकरहटी पूर्वी एवं पश्चिमी में तिथि भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं केंद्रीय टीम ने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से संवाद किया तथा उनसे विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ कई प्रश्नों के सही उत्तर

दिए, जिस पर उपायुक्त एवं केंद्रीय टीम ने उनकी सराहना की।उपायुक्त ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस विषय में आपकी रुचि हो, उसी क्षेत्र में मेहनत और लगन से आगे बढ़ें तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा से जिले एवं राज्य का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि आप सभी देश के भविष्य हैं और आपकी मेहनत ही आने वाले समय में समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला बनेगी। उपायुक्त ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य को निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों से यह भी जानकारी ली कि वे पढ़ाई पूरी करने के बाद भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। इस पर बच्चों ने अपने-अपने सपनों और लक्ष्यों को उत्साहपूर्वक साझा किया।
