जिले के संत माइकल स्कूल फॉर द हियरिंग इंपेयर्ड विद्यालय, दीपुगढ़ा में आज उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह द्वारा अध्ययनरत 160 बच्चों के बीच हियरिंग एड (श्रवण यंत्र) का वितरण किया गया। श्रवण यंत्र प्राप्त कर बच्चों ने खुशी व्यक्त की और उपायुक्त के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, हॉस्टल सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संस्थान में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में शुद्ध पेयजल, बिजली व्यवस्था एवं खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उपायुक्त ने कहा कि यह संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित हो रहे इस संस्थान को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक सहायता

की आवश्यकता होने पर जिला प्रशासन हमेशा उपलब्ध रहेगा। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को नवाचार और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए आवश्यकताओं का आकलन कर एक सूची उपलब्ध कराएं, ताकि उस दिशा में आवश्यक पहल की जा सके। इस दौरान शिक्षकों द्वारा स्मार्ट क्लास की आवश्यकता की जानकारी दी गई, जिस पर उपायुक्त ने तत्काल स्वीकृति प्रदान करते हुए स्मार्ट क्लास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। बच्चों से संवाद करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन एक अभिभावक की भूमिका में उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिन्हा,विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।

