रामनवमी व मंगला जुलूस को लेकर प्रशासन का रूट वेरिफिकेशन |

रामनवमी व मंगला जुलूस को लेकर प्रशासन का रूट वेरिफिकेशन |

आगामी रामनवमी एवं मंगला जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जुलूस के निर्धारित मार्गों का रूट वेरिफिकेशन एवं निरीक्षण किया गया। इस क्रम में जिला प्रशासन ने सीसीआर से पेट्रोलिंग की शुरुआत की, जो इंद्रपुरी चौक, नूरा, पगमिल, छड़वा डैम होते हुए झंडा चौक पहुंची। इसके उपरांत प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का प्रदर्शन करते हुए बड़ा अखाड़ा, पंच मंदिर चौक से होते हुए जामा मस्जिद रोड तक फ्लैग मार्च किया गया। जिला प्रशासन ने माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें। रामनवमी पर्व 2026 के अवसर पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मंगला जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु कई स्थानों पर जोनल दंडाधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने निर्धारित स्थैतिक स्थानों पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, अपर समाहर्ता श्री संतोष सिंह, सहायक समाहर्ता श्री आनंद शर्मा, भू-अर्जन पदाधिकारी श्री निर्भय कुमार, डीआरडीए निदेशक श्रीमती मां देवप्रिया, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री वैद्यनाथ कामती, डीपीआरओ श्री रोहित कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *