उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार दोपहर एक इमाम पर हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट कजियान मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक 28 वर्षीय इमाम अब्दुल वहाब पीर वाली मस्जिद में नमाज पढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर क्रिकेट बैट, पत्थर और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में इमाम गंभीर

रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल इमाम को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

