पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, प्रिंस खान का शूटर और दरोगा घायल कोयलांचल में एक बार फिर अपराधियों और पुलिस के बीच सीधी भिड़ंत देखने को मिली है। रविवार शाम सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित धनबाद पब्लिक स्कूल के समीप पुलिस और गैंग्स ऑफ वासेपुर के गुर्गे प्रिंस खान के शूटर के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस गोलीबारी में पुलिस का एक अधिकारी और एक अपराधी घायल हो गए हैं। पुलिस को गुप्त

सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के गुर्गे इलाके में किसी व्यवसायी से रंगदारी वसूलने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर सरायढेला पुलिस ने जाल बिछाया। जैसे ही अपराधी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेरने की कोशिश की। खुद को घिरा देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर बम और गोलियों से हमला कर दिया। अपराधियों की ओर से किए गए हमले में सरायढेला थाना के SI बालमुकुंद घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रिंस खान का एक शूटर गोली लगने से घायल होने की खबर है।

