अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मानस इंटरनेशनल स्कूल, हाउसिंग कॉलोनी, धनबाद में शार्प साइट आई हॉस्पिटल के सहयोग से आई अवेयरनेस कैंप एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं तथा विद्यालय समुदाय को आंखों की देखभाल और नियमित जांच के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर डॉ. कीर्ति तिवारी ने उपस्थित शिक्षकों को आंखों की नियमित जांच और दैनिक जीवन में आंखों की सही देखभाल के महत्व के बारे में संक्षेप में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर परामर्श और जागरूकता से कई सामान्य नेत्र समस्याओं से बचाव संभव है। विद्यालय के डायरेक्टर श्री राकेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय हमेशा ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता है जो

स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। को-फाउंडर श्रीमती सीमा सिन्हा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला दिवस के अवसर पर इस प्रकार का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना अत्यंत सार्थक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पूरे परिवार और समाज के लिए महत्वपूर्ण है। प्रिंसिपल श्रीमती रेखा उपाध्याय ने कहा कि विद्यालय समय-समय पर इस प्रकार के शैक्षणिक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता है, जिससे विद्यालय परिवार को उपयोगी जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने कार्यक्रम के लिए चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। वाइस प्रिंसिपल श्रीमती रीता ड्रोलिया ने कहा कि इस तरह के सत्र शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाते हैं और उन्हें अपनी आंखों की देखभाल के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में मानस इंटरनेशनल स्कूल के बाबूडी तथा हाउसिंग कॉलोनी दोनों शाखाओं के शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया।

