विष्णुगढ़ : डुमरी थाना अंतर्गत भरखर पंचायत के घुठिया गढ़ा स्थित धोरधोरवा तालाब में शुक्रवार को थाना क्षेत्र के मड़मों (डुमरिया टांड़) निवासी शनिचर टुडू (45) पिता बुद्धू मांझी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पड़ोसी पर हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।क्या है पूरा मामला : परिजनों के अनुसार गुरुवार को लगभग सात बजे पड़ोसी संजय महतो शनिचर टुडू को बहला-फुसलाकर अपने साथ घुठिया गढ़ा ले गया था। देर शाम तक जब शनिचर घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान धोरधोरवा तालाब के किनारे सनीचर के कपड़े और बेल्ट बरामद हुए। जिससे ग्रामीणों का संदेह गहरा गया। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने शुक्रवार को तालाब की मेढ़ काटकर पानी निकाला। पानी कम होने पर तालाब के भीतर से शनिचर टुडू

का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।परिजनों का आरोप : मृतक के परिवार का स्पष्ट कहना है कि यह मामला डूबने का नहीं बल्कि हत्या का है। उनका आरोप है कि संजय महतो उसे घर से बुलाकर ले गया था और बाद में वह अकेले वापस आ गया। परिजनों का दावा है कि सनीचर की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए उसे पानी में डुबा दिया गया। मौके पर पहुंची डुमरी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

