पाकुड़ प्रखंड अंतर्गत झिकरहटी पूर्वी पंचायत में प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ अभिषेक यादव के नेतृत्व में गाय एवं भैंसों को निःशुल्क एफएमडी का टीकाकरण किया गया। इस विशेष अभियान के तहत पशुओं को संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने हेतु घर जाकर टीकाकरण किया जा रहा है।डॉ. यादव ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण कार्यक्रम लगातार संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पशुधन को गंभीर बीमारियों से बचाना तथा किसानों को आर्थिक नुकसान से सुरक्षित रखना है। उन्होंने सभी किसान भाइयों एवं गौपालकों से अपील किया कि वे इस सरकारी कार्यक्रम का अधिकाधिक लाभ उठाएं और अपने

पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि एफएमडी एक अत्यंत संक्रामक बीमारी है, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य एवं दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नियमित टीकाकरण से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। पशुपालन विभाग द्वारा यह अभियान पशुधन की सुरक्षा एवं किसानों की आय वृद्धि के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

