शिक्षा व्यवस्था पर फोकस: उप विकास आयुक्त की समीक्षात्मक बैठक

शिक्षा व्यवस्था पर फोकस: उप विकास आयुक्त की समीक्षात्मक बैठक

उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह ने मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में एसएमएस रिपोर्टिंग, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, आईएफए (IFA) दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित विभिन्न बिंदुओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपविकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिदिन एसएमएस रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी योजनाओं से संबंधित अद्यतन डेटा ससमय उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति में तेजी लाने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही सभी पदाधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा गया। बैठक के दौरान उपविकास आयुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को विभिन्न प्रकार के विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं जैसे पेयजल सुविधा, नए भवनों का निर्माण, चहारदीवारी, किचेन शेड, बेंच-डेस्क आदि से संबंधित आवश्यकताओं की चेकलिस्ट उपलब्ध कराई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों से उनकी आवश्यकताओं के अनुसार चेकलिस्ट भरवाकर निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत की जाए। पीएम श्री विद्यालयों से प्राप्त चेकलिस्ट की भी बैठक में समीक्षा की गई। बैठक में उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह के अलावा जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, एमडीएम ऑपरेटर सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *