
प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले के सभी प्रखंड में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर रक्त अधिकोष, पुराना सदर अस्पताल पाकुड़ तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा, महेशपुर एवं पाकुड़िया में एक साथ आयोजित किए गए।उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति सुरक्षित रूप से प्रत्येक 3 माह के अंतराल पर नियमित रक्तदान कर सकते हैं और ऐसा करना चाहिए। रक्तदान न केवल जरूरतमंदों की जान बचाता है, बल्कि समाज में मानवीय संवेदना और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है।उपायुक्त ने शिविर का उद्घाटन करते हुए स्वयं रक्तदान किया। यह उनका 24 वां रक्तदान तथा पाकुड़ में पांचवीं बार रक्तदान रहा।उनके साथ कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद अमरेन्द्र कुमार चौधरी, जिला निर्वाचन कार्यालय के लिपिक ओंकार कुमार, पीएमयू सेल के कर्मियों सहित कई अधिकारियों ने भी रक्तदान किया।शिविर में कुल 64 रक्तदाताओं ने इस पुनीत कार्य में सहभागिता की।

