केरेडारी प्रखंड के पगार गांव स्थित बिरहोर टोला में 117 बिरहोर परिवारों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में NTPC और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केरेडारी की चिकित्सकीय टीम ने सभी लोगों का ब्लड सैंपल लिया और एक्स-रे जांच की। शिविर के दौरान बिरहोर परिवारों को दवाइयों के साथ अंडा और गुड़ भी वितरित किया गया। गौरतलब

है कि पगार बिरहोर टोला के समीप चट्टी बरियातू कोल खनन परियोजना संचालित है। संभावित स्वास्थ्य प्रभावों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने नियमित स्वास्थ्य जांच, बेहतर इलाज, भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अंचल अधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल ने बताया कि बिरहोर परिवारों के पुनर्वास के लिए जमीन चिह्नित की गई है, लेकिन फिलहाल वे स्थानांतरण के लिए तैयार नहीं हैं। जब तक वे अन्यत्र नहीं जाते, तब तक उनके स्वास्थ्य, भोजन, पानी और आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। शिविर में जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
