हजारीबाग: बॉडम बाजार बस्ती के तत्वावधान में प्राचीन एवं ऐतिहासिक बड़ा अखाड़ा ठाकुरवारी के प्रांगण में विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य लोगों, साधु-संतों एवं स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। सम्मेलन के मुख्य वक्ता राजीव कमल विट्टु जी (प्रांत संपर्क प्रमुख) ने अपने संबोधन में समाज के सज्जन व्यक्तियों से पांच प्रमुख कार्यों के माध्यम से सामाजिक उत्थान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त भेदभाव से ऊपर उठकर समरसता युक्त आचरण अपनाना आवश्यक है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाना, हृदय में स्वदेशी की भावना रखना, कुटुंब प्रबोधन को बढ़ावा देना एवं नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। मंचासीन साधु-संतों एवं महंत विजयानंद दास जी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की भलाई एकता एवं संगठन में ही निहित है। “एक रहेंगे, संगठित रहेंगे” के संदेश के साथ उन्होंने सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर बल दिया। मंच पर वृन्दावन से आये साधु श्री जयराम दास जी, मुकुंदराम दास जी एवं त्यागी जी (गौ संरक्षण समिति, वृन्दावन) ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में हेमलता मिश्रा ने नारी सशक्तिकरण, संस्कार निर्माण एवं स्वधर्म रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखते हुए समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर मनीष जायसवाल, पूर्व सांसद यदुनाथ पाण्डेय, शाखा कार्यवाह अलख निरंजन मिश्रा, कुटुंब प्रबोधन के किशोर कुमार सिन्हा, तन्मय अग्रवाल, अमरजीत कुमार, अमरदीप यादव, तिलेश्वर साहु, आर्यन, भरत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन में लगभग तीन सौ से अधिक माता-बहनों एवं पुरुषों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम का वातावरण पूर्णतः उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक बना रहा। कार्यक्रम का समापन समाज में एकजुटता एवं सांस्कृतिक चेतना के संदेश के साथ हुआ। मंच संचालन सरस्वती विद्या मंदिर के आचार्य मनोज कुमार पण्डित ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विजय पाण्डेय जी ने किया।
Posted inUncategorized
हजारीबाग में विराट हिन्दू सम्मेलन, समाज में समरसता का संदेश

