भाजपा समर्थित प्रत्याशी संपा साहा के समर्थन में पाकुड़ पहुंचे गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सीधे तौर पर कहा कि बाल्टी ही कमल है और कमल ही बाल्टी है। शहर के विवेकानंद चौक से उन्होंने रोड शो भी किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल माला से उनका स्वागत किया।रोड शो के दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि झारखंड के 48 नगर निकायों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की बढ़ती ताकत से घबराकर विरोधी दलों ने साजिश के तहत पार्टी सिंबल नहीं दिया। साथ ही ईवीएम से चुनाव नहीं कराए जाने पर भी सवाल उठाए। पार्टी में गुटबाजी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम करने वालों पर चुनाव के बाद सख्त संगठनात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द पाकुड़ में भागलपुर हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव पाकुड़ में होगा एवं दिल्ली के लिए नई ट्रेन सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ट्रेन के मुद्दे पर पाकुड़ की जनता को ठगने का काम किया है।

