
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने 3 से 8 वर्ष तक के बच्चों के लिए एआई आधारित ‘ई-मैजिक बॉक्स’ ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप को शुरुआती बाल शिक्षा को और प्रभावी व रोचक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। ऐप में तीन विशेष एआई बॉट शामिल हैं, जो बच्चों के सवालों के जवाब 24 घंटे देने में सक्षम हैं। एआई तकनीक की मदद से बच्चों को उनकी उम्र और समझ के अनुसार सीखने की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उनकी रचनात्मकता और सोचने-समझने की क्षमता को बढ़ावा मिलता है। यह प्लेटफॉर्म केवल बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के लिए भी उपयोगी है। वे घर और स्कूल दोनों जगह बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ाने और मार्गदर्शन देने के लिए इस ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। NCERT का मानना है कि यह पहल डिजिटल शिक्षा को नई दिशा देगी और सीखने की प्रक्रिया को और अधिक इंटरएक्टिव बनाएगी।

