
भारतीय शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के दौरान बाजार में तेज बिकवाली देखने को मिली, जिससे तीन दिनों से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 1236.11 अंक यानी 1.48 फीसदी गिरकर 82,498.14 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के दौरान यह 1400 अंकों से ज्यादा टूट गया था। वहीं निफ्टी 365 अंक यानी 1.41 फीसदी की गिरावट के साथ 25,454.35 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 25,400 के करीब पहुंच गया था। बाजार में बिकवाली का असर सभी सेक्टोरल इंडेक्स पर देखने को मिला और लगभग सभी सेक्टर लाल निशान में बंद हुए। विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली के चलते बाजार में दबाव बना रहा। लगातार तीन दिनों की तेजी के बाद आई इस गिरावट से निवेशकों में सतर्कता का माहौल देखा गया।

