झारखंड के केरेडारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को हड़ताल के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व कृषि मंत्री योगेन्द्र साव, पूर्व विधायक निर्मला देवी समेत कई लोगों को डिटेन कर लिया। यह कार्रवाई पगार ओपी क्षेत्र के कर्बला गेट के पास दोपहर करीब 3 बजे की गई। पुलिस ने सभी को 170 बीएनएसएस के तहत 24 घंटे के लिए डिटेंशन में लिया है। इस अभियान का नेतृत्व बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार कर रहे थे। डिटेन किए

गए लोगों को केरेडारी थाना में रखा गया है। बताया जा रहा है कि योगेन्द्र साव के नेतृत्व में बिरसा विस्थापन यूनियन पिछले 48 दिनों से धरने पर बैठी थी और कोल माइंस में उत्खनन व ट्रांसपोर्टिंग का विरोध कर रही थी। गुरुवार को जब आंदोलनकारी माइंस की ओर बढ़े, तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इधर, पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंचीं और कार्रवाई पर सवाल उठाए। वहीं योगेन्द्र साव ने पुलिस पर गैर-संवैधानिक तरीके से कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।

